लुधियानाः फतेहगढ़ साहिब में फर्जी पीसीएस अधिकारी को लेकर हैरानजनक मामला सामने आया है। जहां फर्जी पीसीएस अधिकारी बनकर महिला ने आम पार्टी के नेता से शादी कर ली है। हैरानी की बात यह है कि महिला ने फर्जी पीसीएस के साथ खुद को कुंवारी बताया हुआ था, लेकिन जांच में खुलासा हुआ महिला 18 साल का बेटा भी है। आप पार्टी के ज्वाइंट सेक्रेटरी, जिला परिषद सदस्य और मार्केट कमेटी सरहिंद के चेयरमैन अमरिंदर सिंह मंडोफल के साथ यह घटना हुई है। जांच में सामने आया है कि महिला ने कम उम्र बताकर दस्तावेजों के साथ भी छेड़छाड़ की थी।
अमरिंदर सिंह ने जब अपने स्तर पर जांच की, तो पता चला कि महिला पहले से शादीशुदा थी, उसका तलाक हो चुका था। उसका करीब 18 साल का बेटा भी है। अमरिंदर ने आरोप लगाया कि उन्हें इस पूरी जानकारी से जानबूझकर अनजान रखा गया और गलत पहचान एवं दस्तावेजों के आधार पर शादी करवाई गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शादी के बाद महिला घर से कीमती जेवरात और अन्य सामान लेकर चली गई।
अमरिंदर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने महिला मनविंदर कौर सहित छह लोगों पर धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला दर्ज किया है। आरोपियों में मनविंदर का भाई तरलोचन सिंह, मां वरिंदरजीत कौर, नरिंदर सिंह गोल्डी (ताया का लड़का), रूपिंदर कौर (भाभी) और गांव के पूर्व सरपंच सुरिंदर सिंह राणा शामिल हैं। सभी आरोपी तरनतारन जिले के भिखीविंड थाना क्षेत्र के गांव सुरसिंह के रहने वाले हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
इस मामले की चर्चा इसलिए भी ज्यादा हो रही है क्योंकि फरवरी 2026 में हुई इस शादी में आम आदमी पार्टी से जुड़े कई बड़े नेता और जनप्रतिनिधि शामिल हुए थे। शादी समारोह में पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां, कैबिनेट मंत्री तरनप्रीत सिंह सौंध सहित कई राजनीतिक हस्तियों के पहुंचने की बात सामने आई है। इस दौरान नेताओं के साथ खुशियां मनाने और भांगड़ा डालने की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए थे।
