फतेहगढ़ साहिबः दिवाली के त्योहारी सीजन में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस ने कार्रवाई करनी शुरू कर दी है। ऐसे में संयुक्त टीम ने जिले के खमानों के वार्ड नंबर 8 स्थित बिलासपुर रोड पर चल रही नकली देसी घी बनाने की फैक्ट्री का पर्दाफाश किया। यहां पिछले कुछ समय से नकली देसी घी तैयार कर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान टीम ने 286 लीटर तैयार नकली देसी घी बरामद किया।
इस दौरान फैक्ट्री से 600 किलो वनस्पति घी, 420 किलो सोयाबीन तेल और अन्य केमिकल भी बरामद किए गए। इसके अलावा नकली घी तैयार करने और पैकिंग करने वाली मशीनें, खाली डिब्बे और ब्रांडेड कंपनी के लेबल भी कब्जे में लिए गए हैं। जांच में सामने आया कि फैक्ट्री में तैयार किए जा रहे नकली घी को ब्रांडेड कंपनी के डिब्बों में भरकर बाजार में बेचा जा रहा था। इस तरह ग्राहकों को असली ब्रांडेड देसी घी के नाम पर मिलावटी उत्पाद सप्लाई किया जा रहा था। फैक्ट्री का संचालन लुधियाना निवासी अतुल कुमार द्वारा किया जा रहा था।
खाद्य सुरक्षा विभाग के फूड सेफ्टी अफसर संदीप सिंह ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए मिलावटखोरों के खिलाफ विशेष कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस के साथ संयुक्त टीम ने खमानों में यह छापेमारी की। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वनस्पति तेल, सोयाबीन ऑयल और अन्य सामग्री मिलाकर नकली देसी घी तैयार किया जा रहा था। मौके से बरामद घी और अन्य सामग्री के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब में भेज दिए गए हैं। संदीप सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
