नई दिल्लीः सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को 2002 के गोधरा ट्रेन अग्निकांड मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे एक दोषी को बड़ी राहत दी है। सर्वोच्च अदालत ने दोषी की मेडिकल स्थिति को देखते उम्रकैद की सजा निलंबित करने का आदेश दिया। जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की पीठ मामले की सुनवाई कर रही थी। बता दें कि याचिका मुख्य रूप से स्वास्थ्य संबंधी कारणों के आधार पर दायर की गई थी। दोषी की ओर से पेश वकील ने अदालत को बताया कि वह पिछले 18 वर्षों से जेल में है।
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से पेश वकील स्वाति घिल्डियाल ने कहा कि यदि अदालत दोषी की चिकित्सा स्थिति के आधार पर राहत देने पर विचार कर रही है तो उन्हें इस पर कोई आपत्ति नहीं है। हालांकि, राहत को केवल चिकित्सा आधार तक सीमित रख सकते हैं।
पीठ ने अपने आदेश में कहा कि याचिकाकर्ता की ओर से अपील मुख्य रूप से चिकित्सा आधार पर दायर किया गया है। राज्य की ओर से पेश वकील ने भी दोषी के वरिष्ठ वकील द्वारा बताई स्वास्थ्य स्थिति को तथ्यात्मक रूप से सही माना है। इन परिस्थितियों को देखते अदालत चिकित्सा आधार पर दोषी की सजा निलंबित करने के पक्ष में फैसला सुनाती है।
राज्य सरकार की वकील ने सुनवाई के दौरान कहा कि मामला बेहद गंभीर है और वह मामले के गुण-दोष पर कोई टिप्पणी नहीं कर रही हैं। लेकिन उन्हें मेडिकल आधार पर सजा सस्पेंड करने पर कोई आपत्ति नहीं है।
सुप्रीम कोर्ट ने इससे पहले 28 अक्टूबर को गुजरात में 2002 के दंगों के दौरान बिलकिस बानो के साथ सामूहिक दुष्कर्म और उनके परिवार के सात सदस्यों की हत्या के मामले में दो दोषियों की उम्रकैद की सजा निलंबित करते उन्हें जमानत दे दी थी। न्यायमूर्ति एमएम सुंदरेश और न्यायमूर्ति पीबी वराले की पीठ ने फैसला सुनाते कहा था कि दोषी बिपिन चंद्र जोशी और प्रदीप मोरधिया 17 साल से अधिक समय जेल में बिता चुके हैं।
गौरतलब है कि फरवरी 2002 में गोधरा ट्रेन जलाने की घटना के बाद भड़के सांप्रदायिक दंगों के दौरान बिलकिस बानो के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। उस समय वह 21 वर्ष की थीं और पांच महीने की गर्भवती थीं। वह दंगों से बचने के लिए भागने की कोशिश कर रही थीं। उनके परिवार के सात सदस्यों की हत्या कर दी गई थी, जिनमें उनकी तीन साल की बेटी भी शामिल थी। मोरधिया और जोशी उन 11 दोषियों में शामिल हैं, जिनकी सजा में छूट के फैसले को उच्चतम न्यायालय ने 2024 में रद्द कर दिया था।

