फिरोजपुरः जिले में एक साथ दो सरकारी भवनों को उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल के बाद सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस हरकत में आ गई। प्रशासन द्वारा आनन-फानन में इमारतों को खाली कराकर तलाशी अभियान शुरू किया गया है। जानकारी के अनुसार पहली धमकी जिला कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जो कि सेशन जज को ई-मेल पर यह धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ था, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई और उसके बाद पुलिस ने पूरे परिसर को अपने कब्जे में लेकर तलाशी अभियान शुरू किया है और 1 बजे तक किसी को भी अंदर जाने से मनाही की गई है। पुलिस द्वारा चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है। इससे पहले भी दो बार जिला कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी आ चुकी है, जिसकी जांच अभी पुलिस कर रही है।
उसके बाद अब नगर परिषद फिरोजपुर को भी उड़ाने की धमकी मिली है, जो कि ई-मेल के जरिए प्राप्त हुई है। नगर परिषद अधिकारियों द्वारा सुरक्षा के मद्देनजर नगर परिषद भवन को भी खाली कराया गया है और इसकी सूचना पुलिस को दे दी गई है। और नगर परिषद द्वारा अपने उच्च अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दी गई है।
उल्लेखनीय है कि फिरोजपुर सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यहां प्रमुख भवन हैं और पहले भी कई बार कई दफ्तरों और इमारतों को बम से उड़ाने की धमकियां मिलती रही हैं, जिसकी जांच हर बार पुलिस द्वारा की जाती है, लेकिन आज तक यह सामने नहीं आया है कि वह कौन शख्स है या किस ई-मेल से यह धमकी भरे ई-मेल आते हैं, ताकि उन पर उचित कार्रवाई की जा सके। एक बार फिर ई-मेल प्राप्त होने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।