प्रेम प्रसंग से नाराज होकर रची हत्या की साजिश, 10 लाख रुपये में दी थी सुपारी
बालाघाट: मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में 20 वर्षीय युवक रियांश चौहान की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। कॉलेज में पढ़ाई करने वाले रियांश की हत्या की साजिश उसके पड़ोस में रहने वाले पिता-पुत्र ने मिलकर रची थी। पुलिस ने इस मामले में शामिल 6 आरोपियों में से 5 को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी जीवन पटले और उसका बेटा आशुतोष पटले इस हत्याकांड के मास्टरमाइंड हैं। दोनों ने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने रियांश की हत्या करने के लिए 10 लाख रुपये की सुपारी भी तय की थी।
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
पुलिस अधीक्षक मलय जैन ने बताया कि आरोपी जीवन पटले की बेटी और पड़ोस में रहने वाले रियांश चौहान के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। जीवन पटले और उसका बेटा आशुतोष इस रिश्ते से खुश नहीं थे। इसी बात को लेकर आशुतोष और रियांश के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था।
लगातार हो रहे विवाद के चलते आशुतोष ने अपने पिता जीवन पटले के साथ मिलकर रियांश की हत्या करने की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक, पिता-पुत्र ने करीब तीन महीने पहले ही इस वारदात की साजिश रचनी शुरू कर दी थी। इसके बाद उन्होंने चार अन्य युवकों को अपने साथ शामिल किया और हत्या के बदले उन्हें 10 लाख रुपये देने की बात तय की।
मंडई में बुलाकर की युवक की हत्या
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपियों ने 16 नवंबर को रियांश चौहान को परासपानी गांव में आयोजित मंडई में बुलाया था। वहां से वे उसे एक सुनसान जगह पर ले गए। आरोपियों ने पहले उसे शराब पिलाई और फिर लोहे की भारी वस्तु से उसके सिर पर वार कर दिया। इस हमले में रियांश की मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को घटनास्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर ले जाकर एक पुलिया के पास फेंक दिया। शव के साथ उसकी स्कूटी भी वहां छोड़ दी गई, ताकि पुलिस और लोगों को यह सड़क हादसा लगे और हत्या का शक न हो।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज
पुलिस को घटना की रात ही रियांश का शव बरामद हो गया था। इसके बाद 17 नवंबर को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि युवक की मौत चोट लगने के कारण हुई है।
रिपोर्ट में हत्या की आशंका सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की और विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया। जांच के दौरान पुलिस ने अलग-अलग पहलुओं पर पड़ताल की। इसके बाद पूरे हत्याकांड की साजिश का खुलासा हो गया। पुलिस ने मामले में शामिल 6 आरोपियों में से 5 को गिरफ्तार कर लिया है।

