मानसाः जिले में चोरी की वारदातों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। वहीं चोरों द्वारा सुनार की दुकान को निशाना बनाया गया। जहां चोर दुकान से भारी मात्रा में गहने लेकर फरार हो गए। मिली जानकारी के अनुसार 3 चोर रात के अंधेरे में सुनार की दुकान से करोड़ों रुपये के सोने और चांदी पर हाथ साफ करके फरार हो गए। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि चोरों ने पहले दुकान के शटर के ताले तोड़े। इसके बाद दो चोर दुकान के अंदर दाखिल हो गए, जबकि तीसरा चोर दुकान के बाहर लेटकर निगरानी करता रहा। बताया जा रहा है कि चोरों ने करीब 2 घंटे तक दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान चोर दुकान से 18 किलो चांदी और 400 ग्राम सोना चोरी करके मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, दुकानदार के रिश्तेदार ने सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और चोरी हुआ सोना-चांदी बरामद किया जाए। अब देखना होगा कि मानसा पुलिस इन तीनों चोरों तक कब पहुंचती है और करोड़ों रुपये की इस चोरी की गुत्थी कब सुलझती है।
