चंडीगढ़ः पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक बार फिर से लोगों को बड़ी राहत दी है। दरअसल, आज प्रेस वार्ता के दौरान सीएम मान ने पंजाब में घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को राहत देते हुए बकाया बिजली बिलों के निपटारे के लिए विशेष योजना का एलान किया है। इस फैसले के तहत कुल 2516 करोड़ रुपये के बकाया में से 518 करोड़ रुपये की राशि माफ की जाएगी।
जिन उपभोक्ताओं का बिजली बिल 31 मार्च 2026 तक बकाया था, उनका पूरा जुर्माना और ब्याज माफ कर दिया जाएगा। इससे प्रदेश के लगभग 24 लाख 86 हजार उपभोक्ताओं को सीधा वित्तीय लाभ पहुंचेगा। इस वन टाइम सेटलमेंट स्कीम (OTS) का मुख्य उद्देश्य उन उपभोक्ताओं को राहत देना है जो भारी जुर्माने और ब्याज के कारण अपना पुराना बिल नहीं भर पा रहे थे।
इस योजना का सबसे बड़ा फायदा यह है कि उपभोक्ताओं को किसी भी तरह की कागजी प्रक्रिया या बिजली कार्यालयों के चक्कर काटने की बिल्कुल जरूरत नहीं होगी। छूट की राशि खुद-ब-खुद आएगी और उपभोक्ताओं को संशोधित OTS बिल भेजा जाएगा। योजना के अंतर्गत एक और महत्वपूर्ण राहत दी गई है। जिन उपभोक्ताओं के बिल जमा न होने के कारण मीटर काट दिए गए थे, उनके कनेक्शन भी फिर से जोड़ दिए जाएंगे। बिल का भुगतान करते ही रिकनेक्शन की प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी।
