चंडीगढ़ः पंजाब के पूर्व CM बेअंत सिंह की हत्या के दोषी बलवंत सिंह राजोआणा को कड़ी सुरक्षा में पीजीआई लाया गया। मिली जानकारी के अनुसार पटियाला पुलिस बलवंत सिंह राजोआना को आंख के ऑपरेशन करवाए जाने को लेकर पीजीआई लेकर आई है। दरअसल, कुछ दिन पहले राजोआणा की एक आंख की सर्जरी हुई थी। वहीं आज राजोआणा की दूसरी आंख की सर्जरी होगी।
बता दें कि 31 अगस्त 1995 को पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की चंडीगढ़ में एक ‘ह्यूमन-बॉम्ब’ (आत्मघाती हमलावर) हमले में हत्या कर दी गई थी। घटना में बलवंत सिंह राजोआना इस साजिश में शामिल था और उसने ‘बैकअप ह्यूमन-बॉम्ब’ के तौर पर काम किया था। जिसके बाद 1 अगस्त 2007 को चंडीगढ़ की एक विशेष सीबीआई अदालत ने राजोआणा को मौत की सजा सुनाई थी।
बता दें कि राजोआणा ने कुछ माह पहले श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज्ज को एक और पत्र लिखा था। पत्र लिखकर उन्होंने बड़ा आग्रह किया था कि वह शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को राष्ट्रपति के पास दायर की गई दया याचिका वापस लेने के निर्देश दें। राजोआणा ने पत्र में लिखा था कि वह पिछले 30 साल से अधिक समय से जेल में बंद हैं, जो अपने आप में एक लंबा समय है। एसजीपीसी द्वारा दायर की गई मर्सी पिटीशन अब “कौमी अपमान का प्रतीक” बन चुकी है, जिसे तुरंत वापस लिया जाना चाहिए। पूरी प्रक्रिया 10 दिनों के भीतर पूरी की जाए।
