लुधियानाः बस स्टैंड के बाहर मुंहबोले भाई का इंतजार कर रही नर्स पर कार सवार 4 युवकों ने अश्लील टिप्पणी की। युवक नर्स के सामने गाड़ी लेकर गए और कहा कि हमें पता है तुम यहां क्यों खड़ी हो, अपने नाइट चार्जेज बताओ। नर्स ने इसका विरोध किया तो आरोपी गाड़ी से बाहर उतरे और उसे गलत तरीके से छूने की कोशिश की। यही नहीं, जब नर्स ने विरोध जारी रखा तो युवकों ने उसे जबरन कार में बिठाने का प्रयास किया। इतने में युवती का मुंहबोला भाई हुसैन मौके पर पहुंचा और उसने आरोपियों का विरोध किया।
इस पर युवकों ने दोनों भाई-बहन के साथ मारपीट की और नर्स के गले से सोने की चेन छीन ली। आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपी हथियारों के साथ दोबारा आए और बीच सड़क पर दोनों पर जानलेवा हमला कर दिया। नर्स का यह भी आरोप है कि आरोपी उसकी स्कूटी की डिग्गी से नकदी और जरूरी दस्तावेज चोरी कर ले गए। नर्स ने सिविल अस्पताल से मेडिकल करवाकर पुलिस को लिखित शिकायत दी। करीब 2 महीने तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसके बाद पीड़िता ने पुलिस कमिश्नर से लेकर सीएम तक को शिकायत दी, तब जाकर पुलिस हरकत में आई। नर्स का कहना है कि उसने पुलिस को लिखित बयान दिए थे, इसके बावजूद FIR में उसके बयान बदलकर दर्ज किए हैं। दर्ज FIR में 3 अज्ञात साथियों में से दो की पहचान राजगुरु नगर (डी ब्लॉक) निवासी दिलप्रीत सिंह और इश्प्रीत सिंह के रूप में हुई है। अब तक दोनों पक्षों के बीच समझौते की बातचीत चल रही थी, लेकिन बात सिरे नहीं चढ़ी। उसने चौकी पहुंचकर अतुल, दिलप्रीत सिंह, इश्प्रीत सिंह और एक अज्ञात युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

