फगवाड़ाः शहर में चोरी की वारदातों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। बेखौफ चोर आए दिन घटनाओं को अंजाम देकर फरार हो रहे है। वहीं ताजा मामला चड्डा मार्केट के पीछे स्थित एक गली से सामने आया है जहां चोर एक मोटरसाइकिल चोरी कर फरार हो गए। चोरी की पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मोटरसाइकिल मालिक अतुल शर्मा ने बताया कि वह अशोका साइकिल स्टोर पर वह काम करता है।
रोजाना की तरह उसने अपना लीवो होंडा मोटरसाइकिल पीबी 09 एए4139 दुकान के बाहर खड़ा किया था। कुछ समय बाद जब उसने मोटरसाइकिल को वहां से गायब पाया तो आसपास तलाश की गई लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें दो व्यक्ति मोटरसाइकिल चोरी करके ले जाते हुए दिखाई दिए।
फुटेज में दोनों आरोपी मोटरसाइकिल लेकर मौके से फरार होते नजर आ रहे हैं। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। अतुल शर्मा ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने चोरी हुआ मोटरसाइकिल बरामद करने के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
