पठानकोटः भगवानसर गांव से धोखाधड़ी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। चमत्कारी बाबा बनकर आए कुछ लोगों ने एक किसान परिवार को अपने जाल में फंसाया और घर से सोने के गहने और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मिली जानकारी के अनुसार किसान परिवार के सदस्य रमेश कुमार और उनकी पत्नी दर्शना ने बताया कि वे गुरुवार शाम किसी काम से भुआ गांव गए थे। लौटते समय भगवानसर गांव के बाहर उन्हें सफेद कपड़े पहने एक व्यक्ति मिला, जो पैदल चल रहा था और उसने शिव मंदिर का रास्ता पूछा। दर्शना के मुताबिक उस व्यक्ति ने खुद को बाबा बताया और परिवार से बातचीत करने लगा। उसकी बातों से प्रभावित होकर परिवार ने उसे अपने घर बुला लिया।
पीड़ित परिवार ने बताया कि घर पहुंचने के बाद बाबा ने अपनी मीठी बातों से उनका भरोसा जीत लिया। जिसके बाद उसने घर में रखे गहनों और नकदी के बारे में जानकारी हासिल कर ली।
दर्शना ने बताया कि जब वह घर के अंदर से गहने और नकदी बाहर लाईं तो उस बाबा की नजर उन पर पड़ गई; कुछ ही देर बाद वह वहां से गायब हो गया। जब परिवार ने जांच की तो पाया कि गहने और नकदी गायब थे। तब उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है।
पीड़ित परिवार के बयान के अनुसार घटना में कुल तीन लोग शामिल थे। एक व्यक्ति बाबा बनकर आया था, जबकि दो अन्य लोगों ने कथित तौर पर उसकी मदद की थी। बताया जा रहा है कि इसमें शामिल लोगों में एक महिला और एक युवक भी हैं।
परिवार का आरोप है कि इन लोगों ने एक ‘बाबा’ के नाम पर लोगों का भरोसा जीतकर इस धोखाधड़ी को अंजाम दिया। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस को एक लिखित शिकायत दी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने पुलिस से इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की अपील की है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके और उन्हें जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।भगवानसर की रहने वाली दर्शना के पति, रमेश कुमार ने बताया कि जब परिवार को पूरी तरह से एहसास हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है, तो उन्होंने पुलिस को सूचित किया। परिवार ने मांग की है कि आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और उनके गहने और नकदी वापस दिलाई जाए।
