मोहालीः नगर निगम की हाउस बैठक बुधवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। इस बैठक में लगभग सभी पार्षद पहुंचे और उन्होंने अपने इलाके की समस्याओं को मेयर व कमिशनर के सामने रखा।बैठक में शहर के विकास और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। आगामी बारिश के मौसम को देखते हुए शहर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने, नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा विभिन्न सड़कों की मरम्मत कराने जैसे मुद्दों पर विशेष चर्चा हुई। बैठक के दौरान लंबे समय से हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों का मामला भी प्रमुखता से उठाया गया।
इसके अलावा शहर में कचरा संग्रहण व्यवस्था को बेहतर बनाने और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई एजेंडों पर चर्चा की गई। अधिकांश प्रस्तावों पर सदन की सहमति बनी और उन्हें मंजूरी दे दी गई। इस बैठक में वार्ड नंबर-49 की भाजपा पार्षद बिमलेश देवी मीटिंग में हाजिर नहीं थी लेकिन उनके देवर ने पार्षदों के साथ चैयर पर बैठक कर जिस तरह से पार्षद अपनी समस्याऐं बता रहे थे वह युवक भी इलाके की समस्याओं के बारे मेयर को बताने लगा। जब युवक बोल रहा था तो उसी समय मेयर की नजर जब उस पर पड़ी तो उन्होंने पूछा कि क्या आप पार्षद हो तो इस पर वह बोला की मैं बिमलेश देवी का देवर हूं और उनकी तबीयत खराब होने के कारण मैंं वहां की समस्याऐं बताने आया हूं।
इस पर मेयर ने तत्काल उसे वहां से जाने के लिए कहा। पत्रकारों ने जब मेयर से पूछा की निगम की चलती मीटिंग में इस तरह से आकर कोई बैठ गया और अपनी बात कहने लगा यह कहां तक जायज है तो इस पर मेयर बोले कि इस युवक खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नगरनिगम की बैठक में इस तरह से किसी बाहरी युवक के आने और पार्षदों के साथ बैठ कर सवाल जवाब करना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। मोहाली नगर निगम बैठक के दौरान पार्षदों के पति और उनके पारिवारिक सदस्य मीटिंग हाल में एक तरफ बैठे रहते है। इनके साथ कई ऐसे लोग भी होते है जो बिना वजह मीटिंग में शामिल हो जाते है। ऐसे में निगम मीटिंग में सुरक्षा पर सवाल खड़े होते है।
