अमृतसरः आम आदमी पार्टी (AAP) और भाजपा के बीच मिलीभगत का आरोप लगाते वेरका ने कहा कि दोनों पार्टियां मिलकर गैंगस्टरों और नशीले पदार्थों की समस्या को बढ़ावा दे रही हैं। अमित शाह के पंजाब दौरे से पहले राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगामी पंजाब दौरे को लेकर राज्य की राजनीति में जुबानी जंग तेज हो गई है। पंजाब कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. राजकुमार वेरका ने अमित शाह के दौरे पर तीखा तंज कसते कहा कि गृह मंत्री पंजाब के हालात पर चिंता जताने नहीं, बल्कि मंच से मगरमच्छ के आंसू बहाने आ रहे हैं। पंजाब के मौजूदा हालात बेहद गंभीर हो गए हैं और स्थिति और भी बिगड़ गई है।
गृह मंत्री से सवाल करते डॉ. वेरका ने कहा कि अमित शाह को पंजाब की जनता को जवाब देना चाहिए और हालात का पूरा हिसाब देना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि केंद्र सरकार सीमा पार से ड्रोन के जरिए होने वाली हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी, तथा विदेशों से गैंगस्टरों को मिलने वाली फंडिंग को रोकने में क्यों नाकाम रही है? उन्होंने पूछा कि क्या ड्रोन के जरिए हथियारों और नशीले पदार्थों की सप्लाई बंद हो गई है? पंजाब की जनता जानना चाहती है कि सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे करने वाले गृह मंत्रालय के रहते हुए भी यह सब कैसे चल रहा है।
