संगरूरः सुनाम ऊधम सिंह वाला में लड़ाई-झगड़े के दौरान युवक की हत्या के मामले को पुलिस ने महज 6 घंटे में सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया तेजधार हथियार (लकड़ी का काम करने वाला चौरसा) और खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं। जानकारी देते हुए डीएसपी सुनाम हरविंदर सिंह खैहरा पीपीएस ने बताया कि 9 अगस्त को थाना सिटी सुनाम पुलिस को सिविल अस्पताल से सूचना मिली थी कि मोहल्ला कसाइयां वाला, चौहट्टा बाजार निवासी राहुल कुमार की मौत हो गई है और उसका शव अस्पताल में रखा हुआ है।
सूचना मिलने के बाद थाना सिटी सुनाम के एसएचओ इंस्पेक्टर प्रतीक जिंदल ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई शुरू की। मृतक के पिता वजीर सिंह के बयान के आधार पर पुलिस ने पीर बन्ना-बनोई रोड निवासी जतिंदर कुमार उर्फ निक्का पुत्र बुध राम के खिलाफ मामला नंबर 140, दिनांक 9 अगस्त 2026 को धारा 103(1) बीएनएस के तहत दर्ज किया। पुलिस के अनुसार, राहुल कुमार और आरोपी जतिंदर कुमार के बीच कुछ दिन पहले लड़ाई-झगड़ा हुआ था। इसी रंजिश के चलते 8 और 9 अगस्त की मध्यरात्रि पीर बन्ना-बनोई रोड पर दोनों के बीच दोबारा हाथापाई हो गई।
आरोप है कि इस दौरान लकड़ी का काम करने वाले जतिंदर कुमार ने अपने काम में इस्तेमाल होने वाले लकड़ी के काम वाला चौरसे से राहुल कुमार के सिर के पीछे वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण राहुल कुमार की मौत हो गई। एसएसपी संगरूर रवजोत ग्रेवाल आईपीएस के दिशा-निर्देशों और डीएसपी सुनाम हरविंदर सिंह खैहरा की अगुवाई में पुलिस टीमों ने तकनीकी जांच शुरू की। थाना सिटी सुनाम के एसएचओ इंस्पेक्टर प्रतीक जिंदल और चौकी सिटी सुनाम के इंचार्ज सहायक थानेदार हरप्रीत सिंह की टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज तकरीबन छह घंटे के भीतर आरोपी जतिंदर कुमार उर्फ निका को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का काम करने वाला चौरसा तथा खून से सने कपड़े बरामद किए गए हैं। पुलिस द्वारा मामले की गहनता से जांच जारी है।