पटियालाः जिले के डकाला में युवक का अपहरण कर हत्या कर दी गई। उसका शव संगरूर जिले के काला झाड़ गांव के पास नेशनल हाईवे पर एक ड्रेन से मिला है। मृतक की पहचान 27 वर्षीय नवाब खान निवासी डकाला गांव पटियाला के रूप में हुई है। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता हैकि स्कॉर्पियों सवार नौजवानों ने पहले बाइक में टक्कर मारी और उसके बाद खान का अपहरण कर लिया। नवाब खान बाइक पर जा रहा था।
View this post on Instagram
डकाला में एक पेट्रोल पंप के सामने एक काले रंग की स्कॉर्पियो ने उसकी बाइक को टक्कर मारी। आरोप है कि गाड़ी सवार लोगों ने उसे पीटा और जबरन स्कॉर्पियो में डालकर अगवा कर लिया। आरोपियों ने हत्या के बाद शव को संगरूर के काला झाड़ के पास ड्रेन में फेंक दिया। पुलिस को संगरूर के भवानीगढ़ थाना क्षेत्र के काला झाड़ के पास नवाब खान का शव बरामद हुआ। शुरुआती जांच में युवक के शरीर पर तेजधार हथियार से किए गए कई घाव मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि अपहरण के बाद युवक की बेरहमी से हत्या की गई।
हालांकि, हत्या की पूरी परिस्थितियों और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों को लेकर जांच जारी है। पुलिस आरोपियों की भूमिका और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। इस मामले में पसियाना पुलिस थाने में केस दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में हत्या के पीछे व्यक्तिगत रंजिश होने की आशंका है। मामले में दो संदिग्धों की पहचान कर ली गई है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। नवाब खान अपने पीछे पत्नी और एक साल की बेटी को छोड़ गए हैं। दिनदहाड़े हुए इस अपहरण और हत्या की घटना से इलाके में चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को पटियाला के राजिंदरा अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।