अमृतसरः देहात पुलिस ने नशा तस्करी और अवैध हथियारों की तस्करी को लेकर कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियो को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक हैंड ग्रेनेड, 2 पिस्तौल और 3 किलो 491 ग्राम हेरोइन बरामद की है। मामले की जानकारी डीजीपी गौरव यादव ने सोशल मीडिया पर सांझा की है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे तस्करों के संपर्क में थे। ये तस्कर कथित तौर पर अवैध हथियारों की आपूर्ति करते थे। इसके बाद इन हथियारों को आगे आपराधिक तत्वों तक पहुंचाया जाना था।

पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। इस मामले में पुलिस थाना छेहरटा और लोपोके में एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनके तार कहां-कहां जुड़े हुए हैं। जांच में हथियारों और नशे की सप्लाई से जुड़े स्रोतों के साथ-साथ आगे इनके नेटवर्क में शामिल लोगों का भी पता लगाया जा रहा है।
पंजाब पुलिस का कहना है कि राज्य में नशा तस्करी, अवैध हथियारों और विस्फोटकों की तस्करी तथा संगठित अपराध के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का लक्ष्य ऐसे नेटवर्क को खत्म कर राज्य में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना है। फिलहाल, पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और खुलासे होने की संभावना है।
