कानपुरः जिले में चर्चित किडनी कांड मामले में पुलिस को अहम सुराग मिले है। इस मामले में पुलिस को फरार आरोपी दलाल अफजाल से जुड़े अहम सुराग कल्याणपुर के होटल से मिले। पुलिस जांच के दौरान होटल कर्मियों ने रजिस्टर दिखाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद मौके पर हंगामे जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस के आला अधिकारी हरकत में आए और कई थानों की फोर्स मौके पर भेजी गई। जांच में सामने आया है कि किडनी कांड का आरोपी अफजाल अपने साथी अंकित के साथ मुजफ्फरनगर की किडनी रिसीवर पारुल तोमर, उसके पति विकास तोमर और भाई दिव्यांग के साथ 21–22 फरवरी को कल्याणपुर स्थित सत्यम होटल में रुका था।
रावतपुर थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज कुमार विवेचना के दौरान जब होटल पहुंचे और फरवरी माह का रजिस्टर मांगा, तो होटल मैनेजर ने रजिस्टर दिखाने से इनकार कर दिया। होटल मैनेजर ने विवेचक से अभद्रता करते हुए कहा कि वह अतिरिक्त फोर्स के साथ आएं, तब ही रजिस्टर दिखाया जाएगा। इसके बाद मामले की जानकारी डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आब्दी को दी गई। डीसीपी के निर्देश पर रावतपुर, कल्याणपुर और बिठूर थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने होटल के रजिस्टर से अफजाल, पारुल तोमर, विकास तोमर, दिव्यांग और अंकित के रिकॉर्ड बरामद कर लिए। साथ ही आधार कार्ड और हस्ताक्षर जैसे अहम साक्ष्य भी मिले हैं। पुलिस ने होटल का रजिस्टर जब्त कर लिया है। विवेचक मनोज कुमार ने बताया कि बुधवार को अफजाल की जमानत याचिका पर सुनवाई है। कोर्ट में यह साबित करना है कि यही अफजाल किडनी रिसीवरों को फंसाकर कानपुर के आहूजा हॉस्पिटल में ट्रांसप्लांट कराता था। पुलिस होटल से मिले सबूत कोर्ट में पेश करेगी।
