रायपुरः मोवा में नशे में धुत बाउंसर द्वारा पत्नी से विवाद के बाद अपनी 2 सालियों की गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोपी जितेंद्र वर्मा उर्फ जित्तू पत्नी के कैरेक्टर पर शक करता था, जिससे नाराज होकर वह बच्चे को लेकर मायके चली गई थी। मंगलवार रात जितेंद्र लाइसेंसी पिस्टल लेकर ससुराल पहुंचा और बच्चे से मिलने की जिद करने लगा। जब साली गीतांजलि (26) और दुर्गेश्वरी (24) ने उसे समझाने की कोशिश की, तो उसने फायरिंग कर दी। घटना में दोनों की मौत हो गई। वहीं आरोपी ने बाद में खुद थाने में जाकर सरेंडर कर दिया।

जानकारी मुताबिक, पति जीतेंद्र वर्मा उर्फ जित्तू बाउंसर पत्नी खिलेश्वरी के कैरेक्टर पर शक करता था। ऐसे में आए दिन दंपती में विवाद होते रहता था। मंगलवार को विवाद के बाद पत्नी बच्चे के साथ ससुराल चली गई थी, जीतेंद्र का पत्नी से संपर्क नहीं हो रहा था। ऐसे में वह रात करीब 9 से 9.30 बजे के बीच मोवा बाजार के पास स्थित ससुराल में लाइसेंसी पिस्टल लेकर पहुंचा और बच्चे से मिलने की जिद करने लगा। इस दौरान उसकी सालियां गीतांजलि और दुर्गेश्वरी बाहर आईं और उसे वापस जाने के लिए कहने लगी। इसी बात से नाराज जीतेंद्र पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग में एक गोली गीतांजलि के माथे पर लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर गई और तड़पती रही। वहीं दूसरी गोली दुर्गेश्वरी के पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। आसपास के लोगों ने तुरंत दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने गीतांजलि को मृत घोषित कर दिया, जबकि दुर्गेश्वरी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार नहीं हुआ, बल्कि घर के बाहर निकला और सड़क में हवाई फायरिंग की। इसके बाद थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया। वहीं मामले पुलिस अधिकारी ने कहा कि मामले में जांच शुरू कर दी है और पूरी जानकारी कार्रवाई के बाद साझा की जाएगी।
