चंडीगढ़: हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री एवं पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ हरियाणा की अध्यक्ष आरती सिंह राव ने कहा कि जनवरी 2026 में आयोजित पैरा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को शीघ्र ही एक विशेष समारोह आयोजित कर सम्मानित किया जाएगा।
आरती सिंह राव आज चंडीगढ़ में “पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ हरियाणा” की बैठक की अध्यक्षता कर रही थी। इस अवसर पर बैठक में एसोसिएशन के तीन वर्षीय कार्यकाल पूर्ण होने के उपरांत नई गवर्निंग बॉडी के गठन हेतु चुनाव करवाने के विषय पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया की सितंबर 2026 में हरियाणा राज्य पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप कराई जायेगी।
आरती सिंह राव ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर पदक प्राप्त करने वाले सभी पैरा खिलाड़ियों के कैश अवॉर्ड शीघ्र जारी करवाने हेतु खेल मंत्रालय को पत्र लिखा जाएगा, ताकि खिलाड़ियों को उनका सम्मान एवं प्रोत्साहन समय पर प्राप्त हो सके l बड़े गौरव की बात है कि पिछले तीन वर्षों से हरियाणा राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में लगातार चैंपियन बन रहा है, जो प्रदेश के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के अथक परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
बैठक में महासचिव ज्योति कुमार छाबड़ा ने बीते वर्ष 2025-26 के दौरान आयोजित पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप, पैरा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप, पैरा स्विमिंग चैंपियनशिप तथा भुवनेश्वर और चेन्नई में आयोजित जूनियर एवं सीनियर पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप का विस्तृत विवरण दिया। इस अवसर पर पैरा पावरलिफ्टिंग के चेयरमैन अभिजीत सिंह, पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के संस्थापक गिरिराज सिंह, कोषाध्यक्ष पवन कुमार, पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी धर्मेंद्र सिंह, भीम सिंह एवं सलोनी कुमारी उपस्थित थे।
