Gen-z को लेकर कही ये बात
नई दिल्ली: पीएम नरेंद्र मोदी बुधवार को पूर्व राष्ट्रपति रह चुके रामनाथ कोविंद की आत्मकथा विमोचन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के तौर पर रामनाथ कोविंद ने मिसाल कायम की थी। पीएम ने कहा कि पद को छोड़ने के बाद भी राष्ट्रपति लगातार देश के लिए काम कर रहे हैं। इसके अलावा वह एक राष्ट्र एक चुनाव को लेकर बनी हुई JPC के अध्यक्ष भी हैं।
रामनाथ कोविंद की आत्मकथा का पीएम ने किया विमोचन
पीएम मोदी की ओर से कोविंद की आत्मकथा भारतीय गणतंत्र की विजय मेरा जीवन मेरा संघर्ष को रिलीज किया। उन्होंने यह कहा कि देश की नई पीढ़ी को इस किताब को पढ़ना चाहिए और उन्हें कोविंद के अनुभवों से सीखना चाहिए। पीएम ने कहा कि किताब का टाइटल बिल्कुल ठीक है। इसमें रामनाथ कोविंद के व्यक्तिगत जीवन और संघर्षों की कहानी भी है परंतु उनकी सफलता सिर्फ उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं है बल्कि भारतीय गणतंत्र और लोकतंत्र की जीत है।
पीएम मोदी ने कार्यक्रम में एक वाकये का जिक्र किया कि जब वो पीएम के तौर पर राष्ट्रपति भवन में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिलने के लिए जाते थे। तब प्रोटोकॉल के बाद रामनाथ कोविंद अक्सर औपचारिकताओं से हटकर उनसे बात भी करते थे। सिर्फ इतना ही नहीं पीएम को विदा करने के लिए खुद कार के दरवाजे तक आते थे। पीएम ने कहा कि उन्होंने कई बार पूर्व राष्ट्रपति से ऐसा न करने को कहा है परंतु उन्होंने अपनी यह विनम्रता कभी भी नहीं छोड़ी है।
हर भारतीय को होगा गर्व
पीएम ने रामनाथ कोविंद के गांव पैरोख जाने का भी जिक्र किया है। उनका यह कहना है कि राष्ट्रपति बनने के बाद जब कोविंद अपने गांव में पहुचें तो उन्होंने शिक्षकों के पैर छुए, गांव को मिट्टी को नमन किया। उस दौरान वहां के लोगों के प्रति उन्होंने आभार जताया है। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भावुक अंदाज को पूरे देश ने देखा है। उनके व्यवहार ने दुनिया के सामने भारत के संस्कार और सांस्कृतिक मूल्यों की ऐसी तस्वीर पेश कर दी है जिस पर हर भारतीय गर्व करेगा।
Gen-Z को दिया खास संदेश
इस कार्यक्रम में पीएम मोदी ने Gen-Z को खास संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि आज के सोशल मीडिया के जमाने में कई इंफ्लुएंसर्स युवाओं को आकर्षित करते हैं परंतु इस शॉर्टकट के दौर में युवाओं को भी थोड़ा सावधान रहना चाहिए। इस दौरान पीएम ने रेलवे स्टेशन पर लिखी हुई एक लाइन का भी उदाहरण दिया। उन्होंने यह कहा कि रेलवे स्टेशन पर भी लोग ब्रिज से जाने की जगह पटरी पार करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने यह कहा कि – A Shortcut Will Cut You Short यानी की गलत शॉर्टकट आपको नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने युवाओं से यह कहा भी है कि यदि वो जीवन में आगे बढ़ना चाहते हैं तो दूसरे के अनुभवों से सीखना चाहते हैं तो उन्हें पसंद के लोगों की ऑटोबायोग्राफी को जरुर पढ़ना चाहिए।