प्रदेश के सभी 12 जिलों और 83 उपमंडलों में होंगी प्रतियोगिताएं, 15 से 30 वर्ष तक के युवा ले सकेंगे भाग
ऊना,सुशील पंडित: युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों के माध्यम से उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए प्रदेश सरकार ‘खेलो हिमाचल–चिट्टा मुक्त अभियान 2026’ शुरू करने जा रही है। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की इस पहल की शुरुआत जिला ऊना से होगी। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त ईशांत जसवाल ने सोमवार को अभियान की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार चिट्टा एवं अन्य नशीले पदार्थों के खिलाफ व्यापक अभियान चला रही है। साथ ही युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता को सकारात्मक दिशा देने के लिए खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। ‘खेलो हिमाचल–चिट्टा मुक्त अभियान 2026’ इसी दिशा में एक और सार्थक पहल है।
ईशांत जसवाल ने बताया कि अभियान का उद्देश्य खेलों को जनभागीदारी का माध्यम बनाकर स्वस्थ, अनुशासित, सशक्त एवं नशामुक्त युवा पीढ़ी का निर्माण करना है। खेल गतिविधियों के जरिए युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत प्रदेश के सभी 12 जिलों और 83 उपमंडलों को शामिल किया जाएगा। इसमें 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे। पुरुषों और महिलाओं के लिए खेलों के निर्धारित नियमों के अनुसार अलग-अलग प्रतियोगिताएं होंगी। 18 वर्ष से कम आयु के प्रतिभागियों के लिए बाल संरक्षण एवं अभिभावकों की सहमति से संबंधित निर्धारित प्रावधान लागू रहेंगे।
पहले चरण में 10 खेल विधाएं होंगी शामिल
अभियान के प्रथम चरण में क्रिकेट, वॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, हॉकी, कुश्ती, फुटबॉल, बास्केटबॉल और रस्साकशी को शामिल किया गया है। भविष्य में अन्य मान्यता प्राप्त खेल विधाओं को भी अभियान से जोड़ने की संभावना है।
उपमंडल से राज्य स्तर तक होंगी प्रतियोगिताएं
एडीसी ने बताया कि प्रतियोगिताएं तीन स्तरों पर आयोजित की जाएंगी। पहले उपमंडल स्तर पर मुकाबले होंगे। यहां चयनित खिलाड़ी एवं टीमें जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगी। जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी और टीमें राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
उन्होंने बताया कि उपमंडल स्तर पर संबंधित एसडीएम समिति के अध्यक्ष होंगे तथा जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी नोडल अधिकारी एवं सदस्य सचिव की भूमिका निभाएंगे। जिला स्तर पर उपायुक्त समिति के अध्यक्ष होंगे। राज्य स्तर पर युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के निदेशक प्रतियोगिताओं के संचालन की निगरानी करेंगे।
खेलों के साथ चलेगा चिट्टा मुक्त जागरूकता अभियान
अभियान के तहत खेल प्रतियोगिताओं के साथ चिट्टा मुक्त जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इसके माध्यम से युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने के साथ उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा। युवाओं, समुदायों, शैक्षणिक संस्थानों और विभिन्न संगठनों की भागीदारी से नशामुक्त हिमाचल के लिए राज्यव्यापी जनआंदोलन तैयार करने की भी परिकल्पना है।
पंजीकरण के लिए नहीं देना होगा शुल्क
खिलाड़ियों का पंजीकरण समर्पित गेम्स मैनेजमेंट सिस्टम (जीएमएस) के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए कोई पंजीकरण शुल्क नहीं लिया जाएगा। प्रत्येक पंजीकृत प्रतिभागी को विशिष्ट ‘खेलो हिमाचल एथलीट आईडी’ भी जारी की जाएगी।
विभिन्न स्तरों पर मिलेंगे नकद पुरस्कार
योजना के प्रारूप में प्रोत्साहन एवं अन्य संबंधित गतिविधियों के लिए विभिन्न प्रावधान किए गए हैं। इसके तहत उपमंडल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी या टीम को 51 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर 41 हजार रुपये और तृतीय स्थान पर 31 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
जिला स्तर पर प्रथम स्थान के लिए दो लाख रुपये, द्वितीय के लिए डेढ़ लाख रुपये और तृतीय स्थान के लिए एक लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। वहीं, राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को तीन लाख दस हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर डेढ़ लाख रुपये और तृतीय स्थान पर एक लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा।
इसके अतिरिक्त कुश्ती एवं रस्साकशी के राज्य स्तरीय विजेताओं के लिए 1.10 लाख रुपये, 5 लाख रुपये तथा 3 लाख रुपये की विशेष नकद पुरस्कार राशि का भी प्रावधान किया गया है। विजेताओं को नकद पुरस्कारों के साथ पदक, ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
एडीसी ने कहा कि यह पहल प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को पहचान और आगे बढ़ने के अवसर देने के साथ युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखने में सहायक होगी। खेलों के माध्यम से युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर नशामुक्त हिमाचल के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस मौके पर उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा ऊना सोमलाल धीमान, एएसपी ऊना अजय राणा, जिला खेल अधिकारी ऊना प्रिंस पठानिया, स्वास्थ्य विभाग से गोपाल कृष्ण सहित अन्य विभागों के अधिकारी वि कर्मचारी मौजूद रहे।

