ऊना,सुशील पंडित: हरोली तहसील के नंगल कलां में भूमि विवाद को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री कुलदीप धीमान से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और संबंधित परिवार को सुरक्षा प्रदान करने का आग्रह किया। इस दौरान आयोग के सदस्य अधिवक्ता डॉ. विजय डोगरा, सदस्य सचिव विश्रुत भारती भी उपस्थित रहे।
ज्ञापन में नंगल कलां निवासी मनजीत कौर पत्नी अमरजीत सिंह ने भूमि विवाद के दौरान जातिसूचक टिप्पणियां करने, मारपीट और जान से मारने की धमकियां देने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले पंचायत के समक्ष दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हुआ था, लेकिन विवाद का समाधान नहीं हो पाया।
मनजीत कौर ने पुलिस में दर्ज एफआईआर को गलत बताते हुए उसकी निष्पक्ष समीक्षा करवाने का भी आग्रह किया है। उन्होंने भूमि की निष्पक्ष निशानदेही करवाकर विवाद का समाधान करने और परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग उठाई।
प्रतिनिधिमंडल ने आयोग अध्यक्ष से शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच करवाकर नियमानुसार कार्रवाई करने का आग्रह किया।
कुलदीप धीमान ने प्रतिनिधिमंडल की बात सुनते हुए मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

