चंडीगढ़: कला की कोई सीमा नहीं होती और न ही उसके सृजन के लिए पारंपरिक साधनों की अनिवार्यता है। जरूरत होती है तो बस एक रचनात्मक दृष्टि की, जो बेकार समझी जाने वाली वस्तुओं में भी खूबसूरती तलाश ले। फरीदाबाद के कलाकार उदित नारायण बैसला इसी सोच को अपनी कला के माध्यम से साकार कर रहे हैं। वे पुरानी तारों, प्लास्टिक और अन्य अनुपयोगी सामग्री से ऐसी कलाकृतियां तैयार करते हैं, जो देखने वालों को आश्चर्यचकित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देती हैं। इन दिनों नई दिल्ली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के हरियाणा पवेलियन में उनकी कलाकृतियां आगंतुकों के विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
एक अनूठे विचार ने बदल दी कला की दिशा :
उदित नारायण बैसला की इस अनूठी कला की शुरुआत एक सामान्य-सी घटना से हुई। एक दिन उन्होंने प्लास्टिक की तार को जलते हुए देखा। आग की लपटों में तार के बदलते आकार ने उनके मन में रचनात्मक विचार को जन्म दिया। उन्होंने सोचा कि यदि इस तार को अपनी कल्पनाशीलता से आकार दिया जाए, तो इससे आकर्षक कलाकृति बनाई जा सकती है। इसी सोच के तहत उन्होंने सबसे पहले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चश्मे की आकृति तैयार की। इस प्रयोग को मिली सराहना ने उनके आत्मविश्वास को नई उड़ान दी और उन्होंने अनुपयोगी सामग्री को कला का माध्यम बनाने को ही अपनी पहचान बना लिया।
बिना रंग और ब्रश के जीवंत कलाकृतियां :
उनकी कला की विशिष्टता यह है कि इसमें न रंगों की जरूरत पड़ती है और न ही ब्रश की। पुरानी तारों को मोड़कर, जोड़कर और प्लास्टिक के विभिन्न टुकड़ों को कलात्मक ढंग से संयोजित कर वे महापुरुषों के चित्र, चेहरे के भाव और विभिन्न दृश्य उकेरते हैं। उनकी कलाकृतियों में तारों की बनावट, आकृतियों की बारीकी और सामग्री का अनूठा संयोजन देखते ही बनता है। प्रत्येक रचना को तैयार करने में धैर्य, एकाग्रता और विशेष कौशल की आवश्यकता होती है। यही वजह है कि उनकी हर कलाकृति अपनी अलग पहचान रखती है।
कला के साथ पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा :
उदित नारायण बैसला की रचनात्मकता केवल कलात्मक अभिव्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से वे समाज को पुनः उपयोग और कचरा प्रबंधन का महत्वपूर्ण संदेश भी दे रहे हैं। उनका मानना है कि जिसे हम अनुपयोगी समझकर फेंक देते हैं, उसका भी रचनात्मक इस्तेमाल किया जा सकता है। प्लास्टिक और इलेक्ट्रॉनिक कचरे की बढ़ती चुनौती के बीच उनकी कला यह प्रेरणा देती है कि अपशिष्ट पदार्थों को सही सोच और कौशल के साथ उपयोगी एवं आकर्षक रूप दिया जा सकता है। इस प्रकार वे अपनी कला के जरिए पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के बेहतर उपयोग की दिशा में जागरूकता बढ़ा रहे हैं।
प्रधानमंत्री और हरियाणा के मुख्यमंत्रियों को भेंट कर चुके हैं अपनी कलाकृतियां :
उदित नारायण बैसला की कलाकारी को राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है। वे अपनी बनाई कलाकृतियां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और वर्तमान मुख्यमंत्री श्नायब सिंह सैनी को भेंट कर चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में 22 नवंबर को आयोजित हरियाणा राज्य दिवस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी उनकी कलाकृतियों को सराहा। मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। उदित नारायण बैसला की यह पहल साबित करती है कि रचनात्मकता के लिए महंगे संसाधनों की नहीं, बल्कि नई सोच और कल्पनाशीलता की जरूरत होती है। उनकी कलाकृतियां न केवल कचरे को नया जीवन दे रही हैं, बल्कि यह संदेश भी दे रही हैं कि जिसे दुनिया बेकार समझती है, एक कलाकार की नजर उसे बेमिसाल बना सकती है।

