डिडौलीः कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर हरियाना गांव के फ्लाईओवर पर बुधवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। नींद की झपकी आने से बेकाबू हुए किराने के सामान से लदे पिकअप वाहन ने डायल 112 की स्कार्पियो और हाईवे पेट्रोलिंग की गाड़ी में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप में आग लग गई। चालक ने कूदकर जान बचाई। हादसे में डायल 112 की गाड़ी में सवार होमगार्ड सरफराज घायल हो गए। पुलिस ने पिकअप चालक को हिरासत में ले लिया है।
View this post on Instagram
सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि मेरठ जिले के थाना अलवादा क्षेत्र के वाथनोर गांव निवासी दीपक कुमार पिकअप चलाता है। तड़के वह हेल्पर बिट्टू के साथ गाजियाबाद के डासना से किराने का सामान लादकर मुरादाबाद जा रहा था। हरियाना गांव स्थित फ्लाईओवर पर पहुंचते ही चालक दीपक कुमार को नींद की झपकी आ गई। इससे पिकअप अनियंत्रित हो गई और सड़क पर जा रही डायल 112 की स्कार्पियो को टक्कर मार दी। इसके बाद पिकअप हाईवे पेट्रोलिंग की गाड़ी से भी टकरा गई। दोनों वाहनों से टकराने के बाद पिकअप में अचानक आग लग गई।
आग की लपटें उठती देख चालक दीपक कुमार और परिचालक बिट्टू वाहन से नीचे कूद गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंच गई। दमकलकर्मियों ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पिकअप और उसमें लदा किराने का सामान जल चुका था। उधर, पुलिस ने पिकअप चालक दीपक कुमार को हिरासत में ले लिया। घायल होमगार्ड सरफराज को उपचार के लिए जोया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीओ ने बताया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
