जालंधर, ENS: फगवाड़ा गेट में सट्टेबाज मोनू के घर पुलिस ने रेड की। इस दौरान इलाका निवासियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घर से कम्प्यूटर, 4 फोन, दस्तावेजी सहित अन्य सामान बरामद किया है। वहीं पुलिस ने 14 लोगों को राउंडअप किया है। घटना की तस्वीरें भी सामने आई है, जिसमें देखा जा सकता है कि पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर घर पर दबिश दी और भारी मात्रा में सामान एकत्रित किया। इस दौरान काबू किए गए नौजवान मुंह छिपाते हुए नजर आए। मामले की जानकारी देते हुए इंस्पेक्टर जगदीश लाल ने कहा कि सट्टेबाजी के मामले में दबिश दी गई।
इस दौरान 14 लोगों को राउंडअप किया है और काबू किए नौजवानों को थाने ले जाया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि कार्रवाई के दौरान राउंडअप किए नौजवानों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई को लेकर जांच अधिकारी टाल-मटौल करते हुए नजर आए। मीडिया द्वारा बार-बार घर में रेड करने को लेकर जांच अधिकारी से पूछा गया, लेकिन वह जांच का हवाला देकर बचते हुए नजर आए। काफी देर बाद जांच अधिकारी ने कहा कि दड़े सट्टे की पर्ची का काम चल रहा था।
