सोनभद्र: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के चोपन थाना क्षेत्र की मारकुंडी घाटी में आज डीजल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। टैंकर चालक पवन कुमार पुत्र संजय यादव, निवासी यमुनानगर, थाना नजीरगंज, जनपद गया (बिहार) ने बताया कि वह मुगलसराय से डीजल लोड कर ओडिशा जा रहा था। मारकुंडी घाटी में अचानक ब्रेक फेल होने के कारण टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में चालक को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद टैंकर से बड़ी मात्रा में डीजल सड़क पर बहने लगा। डीजल बहता देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आसपास के लोगों के साथ कई छोटे-बड़े वाहन चालक भी मौके पर पहुंच गए और बाल्टी, बोतल, डिब्बों में डीजल भरते नजर आए। बताया गया कि टैंकर में करीब 24 हजार लीटर डीजल लदा था। हादसे के बाद सड़क पर डीजल फैल जाने से आग लगने का खतरा बढ़ गया। वहीं, दुर्घटना के कारण मारकुंडी घाटी में करीब आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही और वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही गुरमा चौकी प्रभारी श्रीप्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही डीजल भर रहे लोग वहां से भाग निकले। आग लगने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिस और दमकल कर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक कार्रवाई करते हुए यातायात को सामान्य कराया। सड़क पर फैले डीजल के कारण दुर्घटना की आशंका को देखते हुए मौके पर काफी देर तक सतर्कता बरती गई।
