10.45 ग्राम चिट्टे के मामले में बैकवर्ड लिंक खंगालते हुए पुलिस ने की दूसरी गिरफ्तारी, आरोपी के घर से भी नशा बरामद
ऊना,सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के संकल्प के तहत जिला पुलिस ऊना ने चिट्टा तस्करी के नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के रिहायशी मकान की तलाशी के दौरान 5.49 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया है। इस मामले में अब तक कुल दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस के अनुसार, हाल ही में पुलिस थाना सदर ऊना के अंतर्गत एक मोटरसाइकिल की तलाशी के दौरान उसमें छिपाकर रखा गया 10.45 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ था। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था।
मामले की आगामी जांच के दौरान पुलिस ने नशे की सप्लाई से जुड़े बैकवर्ड लिंक खंगाले। इसी कड़ी में पुलिस थाना सदर ऊना की टीम ने कार्रवाई करते हुए नरेश कुमार उर्फ पम्म निवासी वार्ड नंबर-3, बडसाला, तहसील व जिला ऊना को 8 अक्टूबर 2026 को उसके घर से गिरफ्तार किया। आरोपी के रिहायशी मकान की नियमानुसार तलाशी लेने पर पुलिस को 5.49 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ।
पुलिस मामले की आगामी जांच में जुटी है और नशे की सप्लाई के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। जांच का उद्देश्य नशे के स्रोत और सप्लायरों तक पहुंचकर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करना है।
जिला पुलिस ऊना ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की कार्रवाई केवल नशे की बरामदगी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नशे के स्रोत, सप्लायरों और नेटवर्क से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका की जांच कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दोहराया कि नशा मुक्त हिमाचल के लक्ष्य को हासिल करने के लिए नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
