जालंधर, ENS: पंजाब और चंडीगढ़ में लगातार सरकारी इमारतों और स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही है। वहीं आज देवी तालाब मंदिर सहित अमृतसर के दुर्गयाना मंदिर, पठानकोट के मुक्तेश्वर मंदिर, बठिंडा के Maisar मंदिर और पटियाला के काली देवी मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी मिली। मामले की जानकारी देते हुए जांच अधिकारी एसीपी ने कहा कि थाना 8 के प्रभारी के साथ मिलकर वह श्री देवी तालाब मंदिर में जांच करने पहुंचे है। जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
जांच अधिकारी का कहना हैकि आज सुबह श्री देवी तालाब मंदिर सहित कई अन्य धार्मिक स्थलों को धमकी मिली है। वहीं दूसरी ओर उन्होंने इसे रूटिन चैकिंग बताया।आज धार्मिक स्थलों के साथ पंजाब सचिवालय को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है। ई-मेल में लिखा है कि 6 जून 1984 में दरबार साहिब पर हुए हमले का बदला लिया जाएगा। इसी के साथ ही अंबाला-दिल्ली में 5 और 6 जून को लोगों से सफर ना करने की अपील की गई है। इस घटना को लेकर चंडीगढ़ प्रशासन में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन, बम निरोधक और डॉग स्कवॉयड टीम चंडीगढ़ सचिवालय की इमारत में पहुंच गई और मामले की जांच में जुट गई। बता दें कि एक बार फिर से पंजाब सिविल सचिवालय और राज्य के धार्मिक स्थलों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। वहीं जालंधर के श्री देवी तालाब मंदिर में भी पुलिस, बम निरोधक और डॉग स्कवॉयड टीम जांच कर रही है। इस दौरान पार्किंग में भी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
