जालंधर, ENS: शहर में वीरवार सुबह अचानक मौसम ने करवट ले ली। तेज हवाओं के साथ दिन में ही आसमान पर काले बादल छा गए और कुछ ही देर में झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली। बारिश के कारण शहर का मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि कुछ स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली।
मौसम विभाग के अनुसार आज 5 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने वीरवार के लिए पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली में भारी बारिश की चेतावनी दी है। राज्य के बाकी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 27 जुलाई से मौसम के मिजाज फिर बदलेंगे और दो दिनों तक कई जगहों पर भारी से काफी भारी बारिश पड़ने की चेतावनी जारी की गई है।
इससे आने वाले दिनों में पंजाब के तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। बुधवार को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। हालांकि, पंजाब के अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई, जो सामान्य से 1.7 डिग्री नीचे है। बठिंडा में सबसे अधिक 35.2 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

