बारिश ने खोली नगर निगम के इंतजामों की पोल, श्रद्धालुओं को भारी दिक्कत
अमृतसरः जिले में सुबह से लगातार हो रही बारिश ने शहर के जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। कई इलाकों में पानी भरने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब (दरबार साहिब) के नजदीक स्थित हेरिटेज स्ट्रीट और विरासत मार्ग पर भी बारिश का पानी जमा हो गया। सरगड़ी होटल के पास करीब दो-दो फीट तक पानी जमा होने के कारण देश-विदेश से माथा टेकने आने वाले श्रद्धालुओं को पानी में से गुजर कर दरबार साहिब जाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार हर बार बारिश होने पर विरासत मार्ग का यही हाल हो जाता है, लेकिन नगर निगम द्वारा इस समस्या का पक्का समाधान नहीं किया गया है।
लगातार पानी जमा रहने के कारण राहगीरों, दुकानदारों और श्रद्धालुओं को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। दूसरी ओर, पिछले कुछ दिनों से नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहर की सफाई और सीवरेज व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। वहीं खजाना गेट के पास मरी सिंह नगर और प्रीत नगर इलाके में सीवरेज जाम होने और बरसाती पानी की निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण 20 से अधिक घरों में 4 से 5 फीट तक पानी भर गया। लोगों का कहना है कि घरों का कीमती सामान खराब हो गया है और बच्चों सहित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। मोहल्लावासियों ने बताया कि बारिश के दौरान सारा पानी एक ही जगह इकट्ठा हो जाता है क्योंकि सीवरेज ब्लॉक है और पानी की निकासी का कोई रास्ता नहीं बचा है।
लोगों ने दावा किया कि नगर निगम से कई बार शिकायतें की गई हैं, लेकिन स्थाई समाधान नहीं किया गया। उनका यह भी कहना है कि सीवरमैनों की हड़ताल का हवाला देकर काम टाला जा रहा है। इस दौरान एक घर की रसोई का लेंटर भी गिर गया। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लोगों का कहना है कि लगातार पानी जमा रहने के कारण मकानों की नींव कमजोर हो रही है और बड़े हादसे का खतरा बना हुआ है। मोहल्लावासियों ने बताया कि पहले इतनी बारिश के बावजूद पानी निकल जाता था, लेकिन इस बार निकासी के रास्ते बंद होने के कारण हालात बेकाबू हो गए हैं। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन और नगर निगम से तुरंत हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा है कि बरसाती पानी की निकासी का पक्का इंतजाम किया जाए ताकि आने वाले दिनों में और बड़े नुकसान से बचा जा सके।

