जालंधर, ENS: करतारपुर-कपूरथला रोड रेलवे स्टेशन के पास बने वैटर्नरी (पशु) अस्पताल के अंदर कथित तौर पर व्यक्ति ने खुद को आग लगा ली। वहीं लोगों ने जब वैटर्नरी अस्पताल के अंदर से चीखें सुनीं और धुआं निकलता देखा तो किसी अनजान व्यक्ति ने अस्पताल के वैटर्नरी इंस्पैक्टर राजीव को फोन किया। घटना की सूचना मिलते ही राजीव कुमार अस्पताल पहुंचे और देखा कि व्यक्ति की मौत हो चुकी है।
वहीं घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमनदीप सिंह ने बताया कि दोपहर करीब 3 बजे अस्पताल बंद करके स्टाफ घर चला गया था। फोन आने के बाद डॉक्टर दोबारा करतारपुर आए और अस्पताल का गेट खोला तो अंदर एक व्यक्ति की जली हुई बॉडी देखी।
थाना प्रभारी ने बताया कि अस्पताल के बाहर की दीवारें काफी छोटी हैं और अस्पताल के आस-पास कोई खास आबादी भी नहीं है और अस्पताल में सीसीटीवी कैमरे भी नहीं हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की अभी पहचान नहीं हो पाई। पुलिस ने पहचान के लिए शव को 72 घंटे के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया है।
