जालंधरः कमिश्नरेट पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने दो नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से 500 ग्राम हेरोइन, एक किलो अफीम बरामद की है। आरोपियों की पहचान हनी निवासी रोज गार्डन गांव नाहलां और भूपिंदर सिंह उर्फ प्रीत निवासी गुरु अर्जन नगर जालंधर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एडीसीपी जयंत पुरी ने बताया कि क्राइम ब्रांच की टीम कपूरथला रोड वरियाणा मोड़ से लेकर लेदर कॉम्प्लेक्स बस्ती बावा खेल इलाके में गश्त कर रही थी। इस दौरान संत निरंकारी भवन के पास दो युवक बिना नंबर की एक्टिवा के साथ सड़क किनारे खड़े दिखाई दिए। शक के आधार पर जब दोनों को रोककर तलाशी ली गई तो उनके बैग से 500 ग्राम हेरोइन और 1 किलो अफीम बरामद हुई।
इस संबंध में थाना बस्ती बावा खेल में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। पुलिस अब आरोपियों से नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क और उनके पिछले संबंधों के बारे में पूछताछ कर रही है।

