चेन्नईः तमिलनाडु की नई सरकार एक अनोखी पहल से जुड़ी एक योजना की शुरुआत की है। ये योजना तमिल संस्कृति से जुड़ी है। इस योजना के मुख्यमंत्री C Joseph Vijay के नेतृत्व में राज्य सरकार सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले हर बच्चे को एक ग्राम सोने की अंगूठी मुफ्त दे देगी। ‘थाईमामन सीर’ (मामा द्वारा दिया जाने वाला उपहार) की एक खास परंपरा है, जिसके तहत मामा अपने भांजे या भांजी के जन्म पर उसे उपहार देकर परिवार की खुशियों में शामिल होते हैं। इस योजना को ठीक से चलाने और सोने की सुरक्षा की निगरानी के लिए सरकार ने एक खास प्रशासनिक टीम (स्टेट प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट) का गठन किया है।
इस तारीख से होगी योजना की शुरुआत
मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय इस योजना की आधिकारिक शुरुआत 15 सितंबर को करेंगे। लेकिन अच्छी बात यह है कि 22 जून 2026 या उसके बाद पैदा हुए सभी बच्चों को इसका लाभ मिलेगा।
वर्तमान में एक ग्राम की अंगूठी की कीमत लगभग 13,600 रुपये
वर्तमान बाजार के हिसाब से इस एक ग्राम की अंगूठी की कीमत लगभग 13,600 रुपये है। सरकार इस योजना पर हर साल 755.83 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इस योजना को लेकर सरकार का मानना है कि इससे सरकारी अस्पतालों में लोगों का भरोसा और बढ़ेगा. आंकड़ों के अनुसार, राज्य के सरकारी अस्पतालों में डिलीवरी का खर्च मात्र 1,364 रुपये आता है, जबकि प्राइवेट अस्पतालों में यह 63,000 रुपये से ज्यादा है. ऐसे में यह योजना गरीब माताओं के लिए बड़ा सहारा बनेगी।
अंगूठी सीधे मां के हाथ में सौंपी जाएगी
इस योजना का लाभ पाने के लिये राज्य का निवासी होना अनिवार्य होगा। महिलाओं को डिलीवरी के समय जरुरी दस्तावेज जमा करने होंगे। जिसके बाद बच्चे को अस्पताल से छुट्टी मिलने के समय यह अंगूठी सीधे मां के हाथ में सौंपी जाएगी।
अस्पतालों में सोने की चोरी रोकने के लिए कड़ी रहेगी सुरक्षा
सोने की चोरी रोकने के लिए सरकार ने कड़ी सुरक्षा की है। अस्पतालों में मजबूत लॉकर बनाए गए हैं, जो दो अलग-अलग अधिकारियों की चाबियों से ही खुलेंगे। साथ ही, इन कमरों में 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी।

