जालंधर, ENS: गोराया में नेशनल हाईवे पर टैक्सी और थ्री-व्हीलर में टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में 4 लोग घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार हादसे में पटियाला से ब्यास जा रही एक टैक्सी कार सड़क किनारे खड़े थ्री-व्हीलर (ऑटो) से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल कराया और मामले की जाँच शुरू कर दी है। यह हादसा तब हुआ जब टैक्सी ड्राइवर रणजीत सिंह अपनी कार में चार सवारियों को लेकर पटियाला से ब्यास की ओर जा रहा था।
गोराया के पास पहुंचते ही अचानक सामने से आ रही एक तेज़ रफ्तार गाड़ी ने उनकी कार को साइड मार दी। उस तेज़ रफ्तार गाड़ी से खुद को और सवारियों को बचाने की कोशिश में रणजीत सिंह ने गाड़ी का स्टेयरिंग दूसरी तरफ मोड़ा। इस दौरान कार का टायर कट गया और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक थ्री-व्हीलर से जा टकराई। टक्कर के बाद कार में मौजूद सवारियों को चोटें आईं। गनीमत यह रही कि इस बड़े हादसे में किसी की जान नहीं गई और समय रहते बड़ा बचाव हो गया।
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों की मदद से घायलों को संभाला गया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे के कारण नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और ट्रैफिक जाम हो गया। सूचना मिलते ही गोराया थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन और स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को रास्ते से हटवाया और यातायात को दोबारा शुरू कराया। पुलिस फिलहाल मामले की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
