रूपनगरः मोरिंडा में कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए चन्नी ने श्री चमकौर साहिब में आंखों का मुफ्त चिकित्सा शिविर लगाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मरीजों के लिए लंगर सहित हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। यह शिविर 11, 12, 13 और 14 अक्टूबर को लगाया जाएगा। इस दौरान चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस पार्टी के अभियान को जोरदार तरीके से चलाने के लिए उन्होंने पार्टी को दिवाली के बाद साइकिल यात्राएं निकालने का सुझाव दिया है।
विचार-विमर्श के बाद श्री चमकौर साहिब से तलवंडी साबो और श्री अमृतसर साहिब तक साइकिल यात्राएं निकाली जाएंगी। इन यात्राओं का नाम ‘पगड़ी संभाल यात्रा’ रखा जाएगा और इसका मुख्य थीम ‘जवानी बचाओ, नशे छुड़ाओ’ होगा। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान नशे, कानून-व्यवस्था की स्थिति और गैंगस्टरवाद जैसे मुद्दों को लोगों के बीच उठाया जाएगा। इस साइकिल यात्रा में हर समय करीब 2,000 लोग शामिल होंगे।
चन्नी ने कहा कि युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करना तथा नशा बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करना भी इस यात्रा का प्रमुख उद्देश्य होगा। चन्नी ने कहा कि जिन लोगों के नाजायज बिजली बिल आ रहे हैं, वे फिलहाल इन बिलों का भुगतान न करें। उन्होंने कहा कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनने पर ऐसे बिल पहले की तरह माफ कर दिए जाएंगे।
