रूपनगरः कीरतपुर साहिब के पास आज तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां ट्रक खाई में गिर गया। इस दुर्घटना में 4 लोगों की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार ये सभी युवक पंजाब के रोपड़ क्षेत्र के निवासी बताए जाते हैं, जो डीजे/साउंड का काम करते थे। ये युवा हिमाचल प्रदेश के कुल्लू से अपना कार्यक्रम समाप्त करके पंजाब लौट रहे थे। वाहन अचानक संतुलन खो बैठा और कीरतपुर साहिब के पास पहाड़ी क्षेत्र में एक गहरी खाई में गिर गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड के जवान मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, साउंड सिस्टम से लदी गाड़ी में सवार लोग कुल्लू में दशहरा मेले के दौरान प्रसिद्ध पंजाबी गायक सतिंदर सरताज के कार्यक्रम के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गांव देहणी के पास गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों लोगों की जान चली गई।
हादसे के बाद मौके पर बचाव अभियान शुरू किया गया। खाई की गहराई और गाड़ी के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब ढाई घंटे की कड़ी मेहनत के बाद गाड़ी के क्षतिग्रस्त केबिन से मृतकों के शवों को बाहर निकाला गया। इस दर्दनाक हादसे ने चार परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
मामले की जानकारी देते हुए एंबुलेंस चालक ने बताया कि डीजे साउंड का ट्रक खाई में गिर गया था। ऐसे में उन्हें सुबह 6.30 बजे घटना को लेकर फोन पर सूचना मिली थी। जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए एंबुलेंस के जरिए अस्पताल ले जाया जा रहा है। हादसे में ट्रक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच में जुट गई।
