होमगार्ड के जवानों ने विद्यार्थियों को दिए आपदा प्रबंधन एवं बचाव के व्यावहारिक
ऊना,सुशील पंडित: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत, ऊना द्वारा अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय बंगाणा के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला युवा अधिकारी प्रदीप कुमार ने किया।
कार्यक्रम में होमगार्ड विभाग के जवानों ने विद्यार्थियों को भूकंप, आगजनी, भूस्खलन एवं बाढ़ जैसी आपदाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने प्राथमिक चिकित्सा, घायलों को सुरक्षित निकालने तथा अग्निशामक यंत्रों के उचित उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया।
इस अवसर पर जिला आपदा प्रबंधन के जिला समन्वयक राजन कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आपदा के समय संयम, सतर्कता और सही तकनीक अपनाकर जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रेखा शर्मा, उप-प्राचार्य प्रो. अनिल शर्मा, एनसीसी अधिकारी डॉ. विनोद कुमार, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. सिकंदर नेगी तथा रोवर्स प्रभारी प्रो. कमलेश उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जिला युवा अधिकारी प्रदीप कुमार ने महाविद्यालय प्रशासन, होमगार्ड जवानों, अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात सभी प्रतिभागियों को आपदा जोखिम न्यूनीकरण के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर एनएसएस अध्यक्ष लता ठाकुर, बालक कप्तान अंकुश शर्मा, बालिका कप्तान तन्वी, उप-कप्तान वरुण सहित अन्य स्वयंसेवक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
