शिमलाः हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के हलोग में पत्थर मेला मनाया जाएगा। दीपावली के ठीक एक दिन बाद यह पर्व मनाया जाता है। इस दिन लोग एक-दूसरे के ऊपर पत्थर फेंककर इस त्योहार को मनाते हैं। यह सुनने में जितना अजीब लगता है, उसकी मान्यता उतनी ही प्रासंगिक है। एक-दूसरे को पत्थर मारने का यह मेला शिमला से 30 किलोमीटर दूर हलोग में मनाया जाता है। इस खेल को देखने के लिए हलोग में हजारों लोगों की भीड़ जमा होती है। इस मेले में दो टीम शामिल होती है।
मेले में एक तरफ जथोती, तुनरू, धगोगी और करेदू कुलों के ग्रामीण होते हैं, तो दूसरी तरफ जमोगी कुल के लोग होते हैं। अनुष्ठान शुरू होने से पहले, धामी के एक पूर्व राजा द्वारा बनवाए गए भगवान नरसिंह के प्राचीन मंदिर से एक प्रार्थना जुलूस निकाला जाता है।
जिसके बाद शाही परिवार और गांव के बुजुर्गों की देखरेख में अनुष्ठान शुरू होता है, जिसमें सुरक्षा को सबसे अधिक प्राथमिकता दी जाती है। स्थानीय प्रशासन और आयोजन समिति इस अनुष्ठान पर कड़ी नजर रखती है ताकि किसी को गंभीर चोट न लगे। मैदान के चारों ओर सुरक्षा जाल, घेराबंदी और मेडिकल टीमें तैनात की जाती हैं।
इस खेल को खेलने के पीछे मान्यता है कि कई सदी पहले पहले धामी रियासत में मां भीमाकाली के मंदिर में हर साल इसी दिन परंपरा के अनुसार बलि दी जाती थी। यहां के तत्कालीन राजा राणा परिवार की रानी इस प्रथा को रोकना चाहती थी। इसे रोकने के लिए वह चौराहे पर सती हो गई और तभी से यह परंपरा शुरू हो गई। इस जगह का नाम खेल का चौरा रखा गया है। धामी रियासत के राज परिवार की अगुआई में सदियों से यह परंपरा निभाई जा रही है।
ये परंपरा लगभग चार सदी से चलती आ रही है यानी 400 वर्षों से यह खेल खेला जा रहा है। यह अनुष्ठान बिना किसी क्रूरता के ‘बलि’ का प्रतीक है और गांव की अटूट आस्था और एकता को दर्शाता है। धामी राजपरिवार के प्रतिनिधि जगदीप सिंह कंवर कहते हैं कि यह सदियों पुरानी परंपरा है और हमें इसे जारी रखने और संजोने पर गर्व है।
