सिस्सुः हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले के सिस्सू में पर्यटकों की काली स्कॉर्पियो पानी की धारा के बीच फंस गई। दरअसल, काली महिंद्रा स्कॉर्पियो (HR 26) को नदी के तेज बहाव में उतारने का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
हालांकि प्रशासन द्वारा गाड़ी सहित पर्यटकों का रेस्क्यू करके बाहर निकाल लिया गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि गाड़ी पर झंडे की रॉड लगाए कुछ पर्यटक एडवेंचर और ऑफ-रोडिंग के चक्कर में अपनी गाड़ी को सीधे नदी की तेज धारा के बीच ले गए। पानी का बहाव तेज होने और गहराई के कारण स्कॉर्पियो नदी के बीचों-बीच जाकर फंस गई और डूबने लगी।
इसके बाद गाड़ी में सवार लोग भी पानी में उतर गए। वहीं स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स ने इस तरह के खतरनाक ‘ऑफ-रोडिंग’ स्टंट की कड़ी आलोचना की और इसे जानलेवा तथा दूसरों की जान के लिए खतरा बताया। वहीं प्रशासन और स्थानीय पुलिस ने लोगों और पर्यटकों से अपील है कि नदी-नालों के किनारे ऐसी जोखिम भरी हरकतों से बचें और सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
