फिरोजपुरः त्योहारों के मौसम को देखते खाद्य सुरक्षा विभाग की एक टीम ने मोगा रोड पर खाद्य सामग्री बेचने वाली विभिन्न दुकानों का निरीक्षण किया। इस अभियान के दौरान दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा से जुड़े जरूरी नियमों के बारे में भी जागरूक किया गया।
दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए कि वे अपनी दुकानों में और साथ ही उन जगहों पर जहां खाना तैयार किया जाता है या रखा जाता है, साफ-सफाई का उच्च स्तर बनाए रखें। त्योहारों के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है, इसलिए उन्हें निर्देश दिया कि वे केवल अच्छी गुणवत्ता वाले, ताजे, साफ-सुथरे और खाने के लिए सुरक्षित खाद्य पदार्थ ही बेचें। दुकानदारों को बताया कि किसी भी तरह की मिलावट, एक्सपायर हो चुके या खराब खाद्य पदार्थों की बिक्री, अस्वच्छ परिस्थितियों में खाना बनाना या रखना, और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके अलावा सभी संबंधित कारोबारियों से कहा कि वे अपने व्यवसाय की प्रकृति और लागू नियमों के अनुसार जरूरी खाद्य सुरक्षा पंजीकरण या लाइसेंस प्राप्त करें और तय की शर्तों का सख्ती से पालन करें।
इस जागरूकता अभियान के दौरान दुकानदारों ने विभाग को भरोसा दिलाया कि वे अपने काम में साफ-सफाई और गुणवत्ता का उच्च स्तर बनाए रखेंगे और किसी भी तरह की मिलावट या खराब गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ नहीं बेचेंगे। उन्होंने भविष्य में खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने का भी वादा किया और माना कि अगर कोई नियम टूटता है, तो वे इसके लिए जिम्मेदार होंगे और मौजूदा कानून के तहत उन पर कार्रवाई की जा सकती है।
विभाग ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के साथ-साथ खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन कराने के लिए आने वाले दिनों में भी निरीक्षण और जागरूकता अभियान जारी रहेंगे। आम जनता को भी सलाह दी जाती है कि वे खाद्य पदार्थ खरीदते समय सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध या मिलावटी उत्पाद के बारे में विभाग को सूचित करें।
