रोहतकः हरियाणा के रोहतक में मंगलवार और बुधवार की मध्यरात्रि को एक बड़ी वारदात में चार युवकों की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। वारदात गांव खरावड़ के समीप स्थित मिलन होटल (ढाबे) में हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पांच हथियारबंद हमलावर स्विफ्ट कार में सवार होकर पहुंचे और खाना खा रहे युवकों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से ढाबे पर अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए लोग मेज और कुर्सियों के पीछे छिप गए।
हमले में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक ने भागकर जान बचाने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने उसका पीछा किया और उसे भी गोलियों से भून दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मृतकों में तीन युवक झज्जर जिले के गांव डीघल के बताए जा रहे हैं, जबकि चौथा युवक बेरी क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस द्वारा अभी मृतकों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही रोहतक रेंज के आईजी हामिद अख्तर, एसपी गौरव राजपुरोहित सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीआईए, स्पेशल सेल और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू कर दी है।
जिस स्थान पर चार युवकों की हत्या की गई, वहां से खरावड़ पुलिस चौकी महज 500 मीटर की दूरी पर है। पुलिस चौकी के इतने नजदीक पांच हथियारबंद हमलावरों का पहुंचकर अंधाधुंध फायरिंग करना और फिर फरार हो जाना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
प्रारंभिक जांच में इस वारदात को भाऊ-रिटौलिया और सन्नी रिटौलिया गिरोह के बीच चल रही गैंग रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांचकर्ता गांव डीघल में हाल ही में हुई एक युवक की हत्या से भी इस वारदात के संभावित संबंध की पड़ताल कर रहे हैं। हालांकि, हमले का मकसद और हमलावरों की पहचान अभी आधिकारिक तौर पर स्थापित नहीं हुई है।
उधर, चार युवकों की हत्या की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण रोहतक पीजीआई पहुंच गए। पीजीआई परिसर में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

