चंडीगढ़ः भारतीय सेना और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने सामरिक और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में तालमेल का अनूठा उदाहरण पेश किया है। गुजरात में अमृतसर-जामनगर इकोनॉमिक कॉरिडोर (NH-754A) पर भारतीय सेना के चार माइक्रोलाइट विमानों ने सफलतापूर्वक लैंडिंग की और इसके बाद दोबारा उड़ान भरी। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने ऐतिहासिक उपलब्धि बताते भारतीय सेना की टीम माउंटेन ईगल्स, एनएचएआई और संबंधित अधिकारियों को बधाई दी है।
गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि भारतीय सेना की टीम माउंटेन ईगल्स विंग्स ऑफ वैलर एंड यूनिटी एक्सपीडिशन में हिस्सा ले रही है। इसी अभियान के तहत चार माइक्रोलाइट विमानों ने गुजरात में अमृतसर-जामनगर इकोनॉमिक कॉरिडोर पर किलोमीटर 946 से 949 के बीच सफल लैंडिंग और टेकऑफ किया। इस तरह हाईवे के करीब तीन किलोमीटर लंबे हिस्से का इस्तेमाल विमानों के संचालन के लिए किया गया।
गडकरी के अनुसार ये उपलब्धि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय और एनएचएआई की विश्व स्तरीय राजमार्ग अवसंरचना विकसित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। ऐसे हाईवे न केवल बेहतर कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास को बढ़ावा देते हैं, बल्कि भारतीय सशस्त्र बलों की सामरिक और परिचालन संबंधी जरूरतों को पूरा करने में भी उपयोगी साबित हो सकते हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों में एयरो-एडवेंचर, पर्यटन और अन्य उभरती गतिविधियों को बढ़ावा देने की भी संभावनाएं हैं। हालांकि, इसके लिए उपयुक्त सुरक्षा इंतजाम और संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ऐसा मजबूत और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है, जो केवल आवागमन और कनेक्टिविटी तक सीमित न रहे, बल्कि देश की विकासात्मक, सामरिक और आपातकालीन जरूरतों में भी योगदान दे।

