मोहालीः एक गाड़ी की चपेट में आने से 17 वर्षीय नाबालिग की मौत हो गई है। ये घटना खरड़ के केंद्रीय विहार 2 के पास 200-फुट रोड पर पेश आई। जहां दोस्तों का एक समूह एक दुकान पर खाने-पीने के लिए बैठा था। तभी वहां एक गाड़ी में सवार कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया।
मृतक की पहचान खरड़ के केंद्रीय विहार 2 निवासी अनिल कुमार के बेटे यश (17) के रूप में हुई है। उसने हाल ही में 10वीं कक्षा की परीक्षा पास की थी और आगे की पढ़ाई की तैयारी कर रहा था। पुलिस को दिए अपने बयान में मृतक के पिता अनिल कुमार ने बताया कि कल रात उनका बेटा अपने कुछ दोस्तों के साथ घर के पास ही एक दुकान पर कुछ खा-पी रहा था। तभी वहां एक गाड़ी में सवार कुछ युवक आए और आते ही उन्होंने उनके बेटे पर हमला कर दिया। उनके पास धारदार हथियार भी थे।
इस बीच, अपनी जान बचाने के डर से वह युवक अपने दोस्तों के साथ स्कूटर पर बैठकर वहां से भागने की कोशिश करने लगा। कार में सवार लोगों ने उनका पीछा किया और अपनी गाड़ी स्कूटर में टक्कर मार दी, जिससे वे सभी सड़क पर गिर गए। जिसके बाद कार चालक ने गाड़ी को पीछे किया और जान से मारने की नीयत से उसके बेटे यश के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी। जिसके बाद हमलावर अपनी कार में बैठकर वहां से भाग गए।
यश के दोस्त उसे मोहाली के फेज 6 स्थित सिविल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि यश की हत्या के पीछे की वजह एक पुरानी रंजिश थी; हमलावरों में से एक युवक का किसी लड़की से संपर्क था, जिसे लेकर कुछ दिन पहले ही उसका यश के साथ विवाद हुआ था। इसी का बदला लेने के लिए उन्होंने यश पर हमला किया और अपनी गाड़ी उसके ऊपर चढ़ा दी, जिससे उसकी मौत हो गई। खरड़ पुलिस ने कानून की विभिन्न धाराओं के तहत एक पहचाने युवक और तीन-चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस ने छापेमारी तेज कर दी है।

