लुधियानाः जिले के ढोलेवाल पुल के नीचे शराब के नशे में हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शराब के ठेके के पास झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोगों से कहासुनी के बाद एक युवक ने पिस्टल से कई राउंड फायरिंग कर दी। इस दौरान एक युवक सिर पर बोतल लगने से घायल हो गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। थाना डिवीजन नंबर-2 के एसएचओ जसवीर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में फायरिंग करने वालों की पहचान अमन, मिठू समेत 6 से 7 अज्ञात लोगों के रूप में हुई है।
अमन पहले शराब के ठेके के साथ बने अहाते से जुड़ा रहा है और अक्सर वहां आता-जाता था। थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस ने अमन, मिठू समेत 6-7 अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 191(3), 190 और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27, 54 व 59 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। देर रात करीब एक बजे कुछ युवक नशे की हालत में वहां पहुंचे। किसी बात को लेकर उनका झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोगों से विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज व धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी अमन ने कथित तौर पर पिस्टल निकालकर कई राउंड फायरिंग कर दी। वीडियो में शराब के ठेके के पास कुछ लोग आपस में बहस करते नजर आ रहे हैं। इसके कुछ देर बाद अमन कथित तौर पर पिस्टल निकालकर फायरिंग करता दिखाई देता है। गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगते हैं। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो जाते हैं। फायरिंग की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस रात में ही मौके पर पहुंच गई।
हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी अपने साथियों के साथ फरार हो चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल से चार से पांच खाली कारतूस बरामद किए हैं। एसएचओ के अनुसार, विवाद की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। घायल युवक के सिर पर बोतल लगने से चोट आई थी, जिसका इलाज कराया गया है। पुलिस ने मौके से पांच खाली खोल और एक जिंदा कारतूस बरामद कर उन्हें कब्जे में ले लिया है। इन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। इसके अलावा पुलिस वायरल वीडियो और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
