बठिंडाः पंजाब में पिछले कुछ समय से सरकारी इमारतों और स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही है। वहीं अब रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद जीआरपी और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। धमकी मिलने के तुरंत बाद रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई तथा व्यापक स्तर पर जांच अभियान चलाया गया। जानकारी के अनुसार यह धमकी एक ई-मेल के माध्यम से प्राप्त हुई थी। इसके बाद पुलिस ने रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षा जांच शुरू कर दी।
इस दौरान डॉग स्क्वॉड की टीमें भी मौके पर मौजूद रहीं और स्टेशन के विभिन्न हिस्सों की गहन जांच की गई। शुक्रवार को बड़ी संख्या में पुलिस बल ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्मों पर पहुंचकर यात्रियों के सामान की जांच की। डॉग स्क्वॉड की सहायता से संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की गई। प्लेटफॉर्म और उसके आसपास पड़े लावारिस सामान की भी बारीकी से जांच की गई तथा आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की गई। पुलिस ने रेलवे स्टेशन की सीढ़ियों, पार्किंग क्षेत्र और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर बैठे लोगों के सामान की भी जांच की।
इसके अलावा प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेनों का निरीक्षण किया गया तथा डिब्बों में मौजूद यात्रियों के सामान की भी तलाशी ली गई। पुलिस अधिकारियों ने रेलवे यात्रियों से अपील की कि यदि उन्हें कोई संदिग्ध वस्तु या लावारिस सामान दिखाई दे तो उसे हाथ न लगाएं और तुरंत पुलिस को सूचना दें। साथ ही यात्रियों को यह भी जागरूक किया गया कि वे किसी अज्ञात या संदिग्ध व्यक्ति का सामान अपने पास न रखें। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और किसी भी शरारती तत्व से सख्ती से निपटने के लिए तैयार है। फिलहाल जांच एजेंसियां धमकी भरे ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई हैं।

