जोधपुरः बाइपास रिंग रोड पर चौखा केरू क्षेत्र में घुमाव और रॉयल्टी नाके के चलते ट्रक में पीछे से डंपर की जोरदार टक्कर का मामला सामने आया है। घटना में डंपर चालक की मौत हो गई। केरू 12 मील क्षेत्र में रॉयल्टी नाके के पास बने कट पर यू-टर्न लेते समय यह हादसा हुआ।
जानकारी देते राजीव गांधी नगर थाने के एसआई पिंटू कुमार ने बताया कि डालीबाई चौराहा की तरफ से आ रहा खाली डंपर यू टर्न ले रहे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसा। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक अनियंत्रित हो गया, लेकिन भारी पत्थरों से भरा होने की वजह से पलटने से बच गया। डंपर का आगे का हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और ड्राइवर मांगीलाल (61) सीट व ट्रक के बीच बुरी तरह फंस गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों और क्रेन की मदद से उसे बाहर निकाला और एमडीएम अस्पताल भिजवाया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतक के बेटे खेड़ी सालवा निवासी श्रवण की रिपोर्ट पर पुलिस ने ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि यह घुमावदार मोड़, हाईवे पर बना एक ‘यू-टर्न पॉइंट’ है। फुटेज में ट्रक काफी धीमी गति से टर्न लेता हुआ दिखाई दे रहा है, लेकिन तेज रफ्तार डंपर ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराया। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रक चालक इसी मोड़ पर रोड के दूसरी तरफ स्थित ‘रॉयल्टी नाके’ पर जाने के लिए गाड़ी को इस कट से यू-टर्न करवा रहा था, इस दौरान यह हादसा हो गया।

