फिरोजपुरः शहर में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला फिरोजपुर के प्रीतम नगर से सामने आया है। जहां उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गली में सैर कर रही एक महिला पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, फिरोजपुर के प्रीतम नगर में रहने वाले एक डॉक्टर के पास कुछ पालतू कुत्ते हैं। साथ ही, वह कुछ आवारा कुत्तों की भी देखभाल करता है। बताया जा रहा है कि इन्हीं कुत्तों ने सड़क पर टहल रही एक महिला पर हमला कर दिया। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में डर और गुस्से का माहौल बन गया। लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाकों में इस तरह से आवारा कुत्तों को रखना लोगों की जान के लिए खतरा बन सकता है। वह आए दिन लोगों को अपना शिकार बनाते हैं और बच्चे भी गली में जाने से डरते हैं। घटना के बाद लोगों ने पुलिस को मामले की शिकायत दर्ज करवाई।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

