चित्तौड़गढ़ः अज्ञात वाहन की टक्कर से 3 युवकों की मौत का मामला सामने आया है। हादसे के बाद करीब 2 घंटे तक तीनों सड़क पर पड़े रहे। जब राहगीरों ने तीनों को सड़क पर पड़ा देखा तो उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हॉस्पिटल से मिली सूचना पर पुलिस पहुंची और घटनास्थल पर जाकर क्षतिग्रस्त बाइक को थाने खड़ा कराया है।

जानकारी देते निंबाहेड़ा सदर थाने के एएसआई कैलाश शर्मा ने बताया कि मध्यप्रदेश के आगर निवासी गोविंद सिंह पुत्र जगदीश सिंह, झालावाड़ निवासी शेर सिंह और धर्मराज घरों में पुट्टी करने का काम करते हैं। करीब 15 दिन से तीनों निंबाहेड़ा में किराए के कमरे में रह रहे थे। उन्होंने पास के ही किसी गांव में पुट्टी का काम लिया हुआ था। रविवार रात को काम पूरा होने पर तीनों बाइक से निंबाहेड़ा की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब 11 बजे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों के सिर पर गंभीर चोटें आई थी। करीब 2 घंटे तक तीनों सड़क पर पड़े रहे। राहगीरों ने तीनों को पड़े देखा तो एंबुलेंस को सूचना दी और निंबाहेड़ा जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर्स ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। तीनों शवों को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। मरने वालों में गोविंद और शेर सिंह मोसेरे भाई बताए जा रहे है। पुलिस ने मामले में अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
