जालंधर: कमिश्नरेट पुलिस ने शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में ‘कासो’ ऑपरेशन चलाया। यह विशेष अभियान चार थानों के क्षेत्रों में चला और इस दौरान पुलिस ने बरामदगियां भी की है। एसीपी सेंट्रल जालंधर ओंकार सिंह बराड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि डीजीपी पंजाब के दिशा-निर्देशों और पुलिस कमिश्नर जालंधर गुरप्रीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ सब-डिवीजन सेंट्रल के अंतर्गत आने वाले चार प्रमुख थाना क्षेत्रों में यह कार्रवाई की गई। जिनमे थाना डिवीजन नंबर 2, थाना 4, थाना रामा मंडी और थाना नई बारादरी शामिल है।
इस ऑपरेशन में नशा तस्करी, लूटपाट और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे या वर्तमान में सक्रिय असामाजिक तत्वों के ठिकानों पर दबिश देकर बारीकी से तलाशी ली गई। थाना रामा मंडी के क्षेत्र से दो और थाना डिवीजन नंबर 2 के क्षेत्र से बरामदगी की गई है। इलाके में घूम रहे अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की भी गहनता से जांच की जा रही है और उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
कमिश्नरेट पुलिस ने शहरवासियों से पंजाब को नशा मुक्त बनाने में पूरा सहयोग देने की अपील की है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जो युवा या व्यक्ति नशे की लत के शिकार हैं, वे इलाज के लिए बिना किसी डर के आगे आएं। ऐसे व्यक्तियों को नशा छुड़ाओ केंद्रों (De-addiction Centres) में दाखिल करवाने के लिए पुलिस से संपर्क किया जा सकता है, ताकि उनका सही इलाज हो सके और वे दोबारा एक स्वस्थ व सम्मानजनक जीवन जी सकें।

