जालंधर: कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने रात के समय हथियारों की नोक पर स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े आरोपियों में एक नाबालिग (जुवेनाइल) भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी और चोरी की 3 मोटरसाइकिलें, एक तेजधार हथियार (दातर), मोबाइल फोन और पर्स बरामद किया है। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस से बचने और अपनी पहचान छिपाने के लिए बाणा (धार्मिक वेशभूषा) पहन लेते थे।
टैगोर नगर निवासी मनोज कुमार दलई ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 17 नवंबर, 2026 की रात करीब 11:45 बजे जब वह अपना काम खत्म कर घर लौट रहा था, तो दकोहा फाटक के पास मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने पिस्तौल और दातर दिखाकर उसका पल्सर मोटरसाइकिल, बैग और पर्स लूट लिया और मौके से फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर (IPS) के दिशा-निर्देशों और एसीपी सेंट्रल ओंकार सिंह बराड़ के नेतृत्व में थाना रामामंडी और चौकी दकोहा की पुलिस टीम ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस ने आधुनिक तकनीक और इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालते 19 नवंबर को एफआईआर नंबर 355 (धारा 304(2), 3(5) बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया और 26 नवंबर को तीनों आरोपियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों में आकाशदीप सिंह उर्फ आकाश निवासी बस्ती गोबिंदगढ़, थाना रामसहाय जिला फिरोजपुर, भीरथ सिंह उर्फ गोली निवासी दलीप सिंह नगर गली नंबर 4 रेलवे स्टेशन के पास थाना सदर खन्ना, तीसरा नाबालिग निवासी संतोखपुरा जालंधर शामिल है। पुलिस ने आरोपियों से वारदात में लूटा एक पल्सर मोटरसाइकिल, एक चोरीशुदा डिस्कवर मोटरसाइकिल, वारदात को अंजाम देने में इस्तेमाल किया स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, वारदात में प्रयुक्त एक तेजधार दातर और छीना मोबाइल और पर्स शामिल है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया गया है। इनसे गहनता से पूछताछ की जा रही है ताकि शहर में हुई अन्य लूटपाट की वारदातों का भी खुलासा हो सके।

